
आयुष्मान योजना से निशुल्क हुआ किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन
अंग प्रत्यारोपण के दौरान अस्पताल पहुंचे डीन, ली जानकारी, परिजनों को दिया आश्वसन
ग्वालियर, 21 नवंबर 2026। मां के लिए बेटे की जिंदगी से बढ़कर कुछ नहीं होता। इस बात को ग्वालियर की 63 वर्षीय उर्मिला गौड़ ने सच कर दिखाया। बेटे की दोनों किडनियां खराब होने पर उन्होंने अपनी एक किडनी दान करने का फैसला लिया। शनिवार को गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मां की किडनी बेटे के शरीर में प्रत्यारोपित की गई। अस्पताल में यह दूसरा किडनी ट्रांसप्लांट है। ऑपरेशन के बाद मां और बेटे दोनों की हालत स्थिर है।
नदी पार टाल निवासी 35 वर्षीय लेखराज लंबे समय से किडनी की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं। ऐसे में परिवार के सामने किडनी ट्रांसप्लांट ही एक विकल्प था। बेटे की जिंदगी बचाने के लिए 63 वर्षीय मां उर्मिला गौड़ ने अपनी किडनी देने की इच्छा जताई। इसके बाद अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीज और डोनर की जांच की। दोनों की मेडिकल हिस्ट्री, काउंसलिंग और किडनी की अनुकूलता संबंधी परीक्षण किए गए। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 20 नवंबर को मां-बेटे को अस्पताल में भर्ती किया गया। शनिवार दोपहर 12 बजे चिकित्सकों की टीम ने ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू की। करीब साढ़े छह घंटे की मशक्कत के बाद शाम 6.30 बजे ऑपरेशन पूरा हुआ। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी विभाग और एनेस्थीसिया के चिकित्सकों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। पूरी टीम ने आपसी समन्वय के साथ ट्रांसप्लांट किया। ऑपरेशन के बाद दोनों की स्थिति स्थिर होने से अस्पताल प्रबंधन ने राहत की सांस ली। इधर, ट्रांसप्लांट के दौरान चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ भी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने प्रभारी अधीक्षक डॉ. नीलिमा टंडन से ऑपरेशन की जानकारी ली। साथ ही मरीज के परिजनों से चर्चा कर उन्हें बेहतर उपचार और देखभाल का भरोसा दिलाया।
आयुष्मान योजना ने परिवार को दी आर्थिक राहत --
लेखराज का पूरा ट्रांसप्लांट आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क किया गया। इससे परिवार पर इलाज का आर्थिक बोझ नहीं पड़ा। परिजनों ने इसके लिए चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया।
---
ऑपरेशन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका --
किडनी ट्रांसप्लांट को सफल बनाने में डॉ. नीलिमा टंडन, डॉ.प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ. शिवम यादव, डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. सीमा शिंदे, डॉ. जिंदल, डॉ. नम्रता जैन, डॉ. कुशल, डॉ.संजय, डॉ.उदित, डॉ.नीरज सहित अन्य पीजी स्टाफ व नर्सिंग की अहम भूमिका रही। यह ट्रांसप्लांट दिल्ली के विशेषज्ञों की निगरानी में पूरा हुआ।
---
संक्रमण रोकने के लिए विशेष आईसीयू में निगरानी : प्रभारी अधीक्षक डॉ. टंडन --
प्रभारी अधीक्षक डॉ. नीलिमा टंडन के मुताबिक, किडनी ट्रांसप्लांट के बाद संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल में मरीज के लिए विशेष आईसीयू तैयार किया गया है। मरीज की देखभाल के लिए डॉक्टरों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। चिकित्सकीय टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल उपचार दिया जा सके। डोनर मां की सेहत पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बेहद आवश्यक था यहां यह सुविधा शुरू होना : अधिष्ठाता डॉ.धाकड़ --
महाविद्यालय अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल टर्शियरी केयर सेंटर है, ऐसे में यहां किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा होना बेहद आवश्यक था। हमारी टीम लगातार बेहतर प्रयास कर रही है। इसी का परिणाम है कि पहला सफल ट्रांसप्लांट होने के बाद अब दूसरा ट्रांसप्लांट भी सफलतापूर्वक किया गया है। वर्तमान में करीब 20 मरीज वेटिंग लिस्ट में हैं। उम्मीद है कि जल्द ही अस्पताल में नियमित रूप से किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिससे जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
Keep reading
More from Medical News

Medical News
जयारोग्य अस्पताल में फिस्टुला क्लिनिक के विशाल शिविर में 50 मरीजों ने कराया परीक्षण, अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा। इसी कक्ष में रोज चलेगी फिस्टुला क्लिनिक
Newsroom Owner / Nov 23, 2026

Medical News
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. शक्ति सिंघल ने कहा -स्पाइन सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी का मूल्यांकन केवल Pain Score से नहीं, बल्कि मरीज की दैनिक गतिविधियों में वापसी को भी महत्व दिया जाना चाहिए
Newsroom Owner / Nov 22, 2026

Medical News
अधीक्षक डॉ सुधीर सक्सेना के विशेष प्रयासों से जयारोग्य अस्पताल में ब्लड जांच की सुविधाओं का मजबूत नेटवर्क, अब मेडीसिन विभाग,नाक-कान- गला व नेत्र रोग विभाग की ओपीडी के बाहर भी ब्लड जांच सेंटर स्थापित
Newsroom Owner / Nov 22, 2026