
सर्दियों में ब्रेन स्ट्रोक, पैरालाइसिस एवं न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के प्रति रहें सतर्क — प्रो. डॉ. अविनाश शर्मा
सर्दियों के मौसम में अत्यधिक ठंड के कारण शरीर की रक्त वाहिकाएँ सिकुड़ जाती हैं, जिससे रक्तचाप बढ़ सकता है। विशेष रूप से उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं हृदय रोग से पीड़ित व्यक्तियों में ब्रेन स्ट्रोक एवं ब्रेन हेमरेज का खतरा बढ़ सकता है।
बचाव हेतु महत्वपूर्ण सुझाव:
1. रक्तचाप को नियंत्रित रखें ---
सर्दियों में नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जाँच करें। उच्च रक्तचाप ब्रेन हेमरेज एवं लकवे का एक प्रमुख जोखिम कारक है।
2. सुबह अत्यधिक ठंड में बाहर जाने से बचें --
विशेषकर बुजुर्ग एवं हृदय रोगी सुबह के समय तेज ठंड में टहलने के बजाय धूप निकलने के बाद व्यायाम करें।
3. ब्रेन स्ट्रोक के लक्षण पहचानें ---
अचानक मुँह टेढ़ा होना, हाथ-पैर में कमजोरी, बोलने में परेशानी, अचानक दृष्टि प्रभावित होना या संतुलन बिगड़ना स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुँचें।
4. स्ट्रोक में समय अत्यंत महत्वपूर्ण है ---
स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर घरेलू उपचार में समय न गँवाएँ। शीघ्र उपचार से मस्तिष्क को होने वाली स्थायी क्षति एवं दिव्यांगता का खतरा कम किया जा सकता है।
5. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएँ --
सर्दियों में प्यास कम लगने के बावजूद शरीर में पानी की कमी हो सकती है। पर्याप्त तरल पदार्थ लें, जब तक चिकित्सक द्वारा पानी सीमित करने की सलाह न दी गई हो।
6. बुजुर्गों को गिरने से बचाएँ --
सर्दियों में जोड़ों की अकड़न, संतुलन संबंधी समस्याओं एवं फिसलन के कारण गिरने और सिर में गंभीर चोट लगने की आशंका रहती है। घर में पर्याप्त रोशनी और फिसलन रहित व्यवस्था रखें।
7. मिर्गी एवं अन्य न्यूरोलॉजिकल रोगों की दवाएँ नियमित लें
मिर्गी, पार्किंसंस रोग तथा पूर्व में स्ट्रोक से प्रभावित मरीज चिकित्सक की सलाह के बिना अपनी दवाएँ बंद न करें।
8. गर्दन एवं कमर दर्द से बचाव करें: ठंड में मांसपेशियों की अकड़न और दर्द बढ़ सकता है। उचित गर्म कपड़े पहनें, नियमित हल्का व्यायाम करें तथा गलत मुद्रा में लंबे समय तक बैठने से बचें।
9. बंद कमरे में अंगीठी या कोयला जलाकर न सोएँ:--
इससे कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता हो सकती है, जिसके कारण सिरदर्द, चक्कर, बेहोशी, मस्तिष्क को गंभीर क्षति तथा मृत्यु तक हो सकती है।
10. मधुमेह एवं हृदय रोग पर नियंत्रण रखें --
ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और रक्तचाप की नियमित जाँच कराएँ। धूम्रपान एवं अत्यधिक शराब सेवन से बचें।
11. अचानक तेज सिरदर्द को नज़रअंदाज़ न करें --
जीवन में पहली बार अचानक अत्यंत तीव्र सिरदर्द, उल्टी, बेहोशी या दौरे पड़ना गंभीर मस्तिष्क संबंधी बीमारी का संकेत हो सकता है। तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।
12. संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम अपनाएँ --
पौष्टिक भोजन, पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक गतिविधि मस्तिष्क एवं तंत्रिका तंत्र के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं।
विशेष संदेश
सर्दियों में थोड़ी-सी सावधानी हमें ब्रेन स्ट्रोक, ब्रेन हेमरेज और सिर की गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। लकवे के लक्षण दिखाई देने पर एक-एक मिनट कीमती होता है। समय पर अस्पताल पहुँचने से मरीज की जान और मस्तिष्क की कार्यक्षमता दोनों बचाई जा सकती हैं।”
— प्रो. डॉ. अविनाश शर्मा
न्यूरोसर्जरी विभाग,
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय एवं जयारोग्य चिकित्सालय समूह, ग्वालियर
Keep reading
More from Medical News

Medical News
जयारोग्य अस्पताल में फिस्टुला क्लिनिक के विशाल शिविर में 50 मरीजों ने कराया परीक्षण, अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा। इसी कक्ष में रोज चलेगी फिस्टुला क्लिनिक
Newsroom Owner / Nov 23, 2026

Medical News
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. शक्ति सिंघल ने कहा -स्पाइन सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी का मूल्यांकन केवल Pain Score से नहीं, बल्कि मरीज की दैनिक गतिविधियों में वापसी को भी महत्व दिया जाना चाहिए
Newsroom Owner / Nov 22, 2026

Medical News
अधीक्षक डॉ सुधीर सक्सेना के विशेष प्रयासों से जयारोग्य अस्पताल में ब्लड जांच की सुविधाओं का मजबूत नेटवर्क, अब मेडीसिन विभाग,नाक-कान- गला व नेत्र रोग विभाग की ओपीडी के बाहर भी ब्लड जांच सेंटर स्थापित
Newsroom Owner / Nov 22, 2026